अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गांधी चौक,बसही भिंडी रोड की है, जहां बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। मृतक की पहचान मोतीपुर गांव निवासी देवकी सहनी के 28 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो ताजपुर में गैरेज चलाता था।
जानकारी के अनुसार संजीव कुमार अपने गैरेज पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो अज्ञात अपराधियों ने उस पर सामने से गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गया। घटना के बाद जुटे आसपास के लोगों की मदद से उसे ताजपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ताजपुर गांधी चौक पर मृतक के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण इस प्रमुख मार्ग के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई जिससे लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। इधर घटना कुंसूचना मिलते ही सदर डीएसपी संजय कुमार और ताजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।























































