दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
आगामी दशहरा, दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला परिवहन कार्यालय, समस्तीपुर द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अगस्त माह से ही सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की नियमित जांच करते हुए नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है।
जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 से 14 अक्टूबर 2026 तक कुल 8,146 वाहनों की जांच की गई। इनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,526 वाहनों का चालान काटा गया। माहवार विवरण निम्नवत है—
अगस्त 2026: कुल 3,125 वाहनों की जांच की गई तथा 1,198 वाहनों का चालान काटा गया। जुर्माने की राशि ₹1.20 करोड़ रही।
सितंबर 2026: कुल 3,517 वाहनों की जांच की गई तथा 1,445 वाहनों का चालान काटा गया। जुर्माने की राशि ₹1.44 करोड़ रही।
1 से 14 अक्टूबर 2026: कुल 1,504 वाहनों की जांच की गई तथा 883 वाहनों का चालान काटा गया। जुर्माने की राशि ₹82 लाख रही।
विशेष उल्लंघनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ओवरलोडिंग, बिना परमिट अथवा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, हेलमेट/सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 913 वाहन चालकों से ₹9,13,000 का जुर्माना वसूल किया गया। ओवरलोडिंग के मामले में 310 वाहनों पर ₹77,26,360 का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना परमिट अथवा परमिट का उल्लंघन करने वाले 441 वाहनों से ₹44,10,000 का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त, लहरियाकट तरीके से वाहन चलाने वाले 13 मोटरसाइकिल चालकों पर कुल ₹65,000 का जुर्माना लगाया गया।
वाहन चालकों से अपील
जिला परिवहन कार्यालय, समस्तीपुर द्वारा सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात एवं वैध परमिट सुनिश्चित करें।
पर्व-त्योहार के दौरान स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएं। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

















































