. समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर में मां दुर्गा मनोकामना मंदिर पूजा पंडाल का उद्घाटन रविवार की संध्या मंदिर का पट खुलने से पूर्व वरिष्ठ भाजपा नेता रामसुमिरन सिंह के द्वारा किया गया। मंदिर का पट खुलते ही मैया के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आपको बताते चलें कि पिछले कई दशकों से मां दुर्गा के बड़े आराधन शरत चंद्र ठाकुर की देखरेख में बिशनपुर स्थित मां दुर्गा मनोकामना मंदिर में हर वर्ष उत्कृष्ट कारीगरों के द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण एवं आराधकों के द्वारा कलश स्थापित कर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की जाती है। समस्तीपुर जिले में जब कुछ चुने हुए जगहों पर ही मां दुर्गा के प्रतिमा का निर्माण कर पूजा अर्चना की जाती थी और मेला लगता था उसी समय से बिशनपुर में भी प्रतिवर्ष दुर्गा पूजा पूरे भक्ति भाव के साथ की जाती रही है। इसके साथ-साथ यहां प्रतिवर्ष मेला भी लगता है। पूरे क्षेत्र एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में इस मां दुर्गा मनोकामना मंदिर की शक्ति काफी प्रसिद्ध है। माना जाता है कि इस मां दुर्गा मनोकामना मंदिर में सच्चे मन से प्रार्थना करने पर मां दुर्गा सारी मनोकामना को पूर्ण कर देती है। बिशनपुर स्थित मां दुर्गा मनोकामना मंदिर में आज तक कोई भी मैया के दरबार से खाली हाथ वापस नहीं गया। मौके पर लोजपा जिला प्रधान महासचिव नीरज भारद्वाज, पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया पति मृत्युंजय ठाकुर, सुरेश चंद्र ठाकुर, सुनील ठाकुर, डॉ मदन मोहन ठाकुर, देव नारायण महतो, विनोद राय, आनंद कुमार एवं दीपक कुमार सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित थे।





















































