स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं; बिना उचित कारण मरीजों को रेफर करने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई की जाएगी : मुख्यमंत्री

55

संजय भारती

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि झाझा की पावन धरती से हम सभी का विशेष लगाव रहा है तथा यहां के लोगों का स्नेह और प्यार मिलता रहा है। देश के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान अतुलनीय है, उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा था। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है, इसे पूरा करना बिहार सरकार की प्राथमिकता है। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरे राज्य में उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये राज्य में 100 से अधिक और नये बस स्टैंड बनाये जायेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है। जिला अस्पतालों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं जिला अस्पतालों में उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को रेफर करता है, तो उसकी जवाबदेही तय करते हुए नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदारा वल्लभ भाई पटेल की विचार धारा को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत एवं परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह जमुई जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह, उद्योग मंत्री सह खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, विधायक रामानंद मंडल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here