अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नगर भवन में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन

20


मधुबनी : 21 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर भवन, मधुबनी में जिला प्रशासन के तत्वावधान में विशेष योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय विधायक माधव आनंद, अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कला जत्था की टीम द्वारा स्वागत गान एवं योग गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया गया। इसके उपरांत प्रशिक्षित योग गुरु के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए माननीय विधायक माधव आनंद ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो आज पूरे विश्व में मानव कल्याण का माध्यम बन चुका है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते तनाव के बीच योग व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए, जिससे स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मस्तिष्क का भी विकास हो सके।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केअवसर पर जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिलेवासियों के नाम अपने संदेश में कहा है कि “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। आज के बदलते परिवेश में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है। मैं जिले के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे प्रतिदिन योग करें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति प्रेरित करें। स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान सेल्फी अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने योग को नियमित जीवनचर्या में शामिल करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंत में अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के विधिवत समापन की घोषणा की गई।
इस अवसर पर उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश कुमार पाठक, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेम लता, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्थानीय कलाकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं तनावमुक्त जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।
आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here