नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट
होली को रंगीन बनाने के लिए शराब माफिया अभी से ही शराब के भंडारण में जुट गए हैं। इसके लिए शराब माफिया तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। नवादा से सटे सीमावर्ती झारखंड से शराब की खेप धड़ल्ले से जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंच रही है। हालांकि विभिन्न थानों की पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। मंगलवार को उत्पाद पुलिस ने रोह थाना क्षेत्र के मड़रा गांव के समीप वाहन जांच के दौरान इंडिका कार से भारी मात्रा में शराब व बियर बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन धंधेबाज को भी दबोच लिया। उत्पाद विभाग के एसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि एक इंडिका कार से मड़रा गांव के रास्ते झारखंड से भारी मात्रा में शराब लाया जा रहा है। सूचना के बाद उक्त गांव के समीप वाहन जांच किया जा रहा था, तभी इंडिका कार तेज गति से आ रही थी जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। जब कार की तलाशी ली गई तो कार से 17 पेटी केन बियर तथा 100 बोतल देसी शराब बरामद किया गया। शराब बरामद होते ही कार पर बैठे तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों धंधेबाजों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया।





















































