छात्रा सुमन कुमारी की हत्या के विरोध में आइसा-आरवाईए का कैंडल मार्च, भाजपा–जदयू सरकार को ठहराया जिम्मेदार

16

#अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक में सुनवाई, ₹50 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग

पूसा/समस्तीपुर, 21 जुलाई 2026

पूसा प्रखंड के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की 12वीं की छात्रा सुमन कुमारी की स्कूल जाते समय दिनदहाड़े गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार की शाम आइसा–आरवाईए के संयुक्त बैनर तले वैनी पूसा रोड बाजार में स्टेशन होते हुए कैंडल मार्च निकालकर खुदीराम बोस स्टैचू के समीप सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार व संचालन आरवाईए नेता गणेश यादव ने किया। छात्र-युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी और “सुमन को न्याय दो”, “बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” तथा “अपराधियों को गिरफ्तार करो” के नारे लगाए।

कैंडल मार्च के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि बिहार में भाजपा–जदयू सरकार के शासन में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। हत्या, लूट, महिलाओं और छात्राओं पर हमले आम बात हो गए हैं, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था के नाम पर सिर्फ़ प्रचार कर रही है। जिस राज्य में छात्राएं स्कूल जाते समय भी सुरक्षित नहीं हों, वहां सरकार के सुशासन के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। आगे उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आइसा, आरवाईए संयुक्त रूप से पूरे जिले में व्यापक लोकतांत्रिक जनआंदोलन छेड़ेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा–जदयू सरकार और जिला प्रशासन की होगी।

भाकपा (माले) पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि सुमन कुमारी की हत्या केवल एक छात्रा की हत्या नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा के अधिकार और कानून के राज पर हमला है। यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। सरकार की अपराध के प्रति लापरवाही और अपराधियों के खिलाफ कमजोर कार्रवाई ने उनके हौसले बुलंद कर दिए हैं। अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा सुनिश्चित की जाए।

आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने मांग की कि पीड़ित परिवार को ₹50 लाख का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिवार की सुरक्षा तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों के मार्गों पर स्थायी पुलिस गश्ती एवं छात्राओं की सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था की जाए।

कैंडल मार्च में भाकपा-माले प्रखंड कमिटी सदस्य जितेंद्र राय, मो. आले,मो. आसेद व आइसा-आरवाईए नेता गणेश यादव, राजीव कुमार, मनदीप कुमार, अभिषेक कुमार, रंजन कुमार, राकेश कुमार, राजकुमार, अभिषेक कुमार नयन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here