समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट
समस्तीपुर (चंद्रकांता समाचार)। जिले के वारिसनगर प्रखंड अंतर्गत सारी के एक निजी उत्सव पैलेस में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आपातकाल को याद कर काला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री व भाजपा नेता सम्राट चौधरी मौजूद थे। मौके पर एक प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया। आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेसी प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के द्वारा पूरे देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या कर दी गई थी। उसी के विरोध में भाजपा के द्वारा हर वर्ष 25 जून को काला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आपातकाल में कांग्रेसी सरकार के द्वारा प्रेस को सेंसर कर दिया गया था, विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया था, सैकड़ों अखबारों को बंद करवा दिया गया था, इतना ही नहीं बहुत सारे पत्रकारों की मान्यता रद्द कर दी गई और उन्हें जेल में बंद कर दिया गया। फिल्मी कलाकार व गायकों पर भी सेंसर लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के गरीबों की चिंता है और अभी कोरोना का संकट टला नहीं है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा नवंबर तक देश के गरीब – गुरबों को मुफ्त राशन देने की घोषणा की गई है। उन्होंने पड़ोसी देश पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका से भारत की तुलना करते हुए कहा कि दुनियां में भारत इकलौता देश है जहां सभी का मुफ्त कोविड वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। उन्होंने अग्निपथ योजना की भी जमकर तारीफ की। मौके पर विधान पार्षद डॉo तरुण कुमार, विधायक वीरेंद्र पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, प्रभात कुमार, मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह, वीरेंद्र यादव, मनोज कुमार जायसवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष नीलम सहनी, ज़िप सदस्य अमृत चौधरी आदि मौजूद थे।




















































