अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 अंतर्गत भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप फसल के ऊपर झूल रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार को विद्युत विभाग ने दुरुस्त कर दिया है। विभाग की कार्रवाई से स्थानीय किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा था और फसल के ऊपर से गुजर रहा था, जिससे किसी भी समय गंभीर विद्युत हादसे की आशंका बनी हुई थी। इस गंभीर समस्या को लेकर 26 अगस्त को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। इससे पहले भी विभाग के SDO एवं JE को कई बार मामले की जानकारी देकर तार को सुरक्षित कराने का आग्रह किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग की टीम ने बीच में नया विद्युत पोल लगाकर तार को तानते हुए सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से संभावित विद्युत दुर्घटना का खतरा टल गया है।
इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) समस्तीपुर जिला सचिव सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने विद्युत विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं नीचे झूलते विद्युत तार लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने रहते हैं। सूचना मिलने के बाद ऐसे मामलों में विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्रेस के माध्यम से समस्या को प्रमुखता से उठाने तथा लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के बाद इसका समाधान हुआ है। जनहित से जुड़े इस मामले में विभाग द्वारा की गई कार्रवाई सराहनीय है।
आगे रौशन कुमार ने विद्युत विभाग से मांग की कि पूसा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत पोल, नीचे झूलते तार एवं अन्य विद्युत संबंधी खतरनाक स्थितियों का व्यापक सर्वे कराया जाए तथा समय-समय पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सिर्फ शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय नियमित निरीक्षण और पूर्व सतर्कता जरूरी है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की ओर से विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आरवाईए आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।




















































