संजय भारती
सावन के पवित्र महीने की शुरुआत के साथ ही सुल्तानगंज में श्रावणी मेला 2025 का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को विधिवत रूप से संपन्न हुआ। गंगा किनारे बसी इस धार्मिक नगरी में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, जब मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और गंगा आरती के साथ मेले का शुभारंभ हुआ। बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं श्री विजय सिन्हा के साथ साथ श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस पावन अवसर पर बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री, स्थानीय सांसद एवं विधायक, जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में गंगाजल कलश पूजन और दीप प्रज्वलन किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मेला की व्यवस्थाओं की औपचारिक शुरुआत की गई। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि श्रावणी मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है. देश के विभिन्न राज्यों से लाखों कांवरिया अजगैबीनाथ से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर बाबा नगरी जाते है। जिसको लेकर बिहार सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही मोबाइल ऐप के जरिए कांवड़ियों को कच्ची कांवरिया पथ की जानकारी के साथ साथ कई सुविधाएं दी जा रही है। सम्राट चौधरी ने जल्द ही अजगैबीनाथ धाम के पूर्ण विकास करने की बात कही है। वहीं इस बार प्रशासन ने मेला क्षेत्र को पाँच ज़ोन में बाँटकर सुरक्षा और सुविधाओं को और मजबूत किया है।






















































