2026-27 के रेल बजट में हसनपुर रोड-सकरी रेल परियोजना पर विशेष ध्यान देने की जरूरत : बैजनाथ झा

273

संजय भारती

समस्तीपुर। हसनपुर विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता एवं औरा-पटसा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बैद्यनाथ झा ने 2026-27 रेल बजट सत्र से पूर्व स्थानीय महोदय सांसद राजेश वर्मा को हसनपुर-सकरी रेल परियोजना पर विशेष रेल बजट दिलवाने को लेकर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा पूर्व रेलमंत्री ललित नारायण मिश्र ने 1973-1974 में सकरी-हसनपुर रोड रेल लाइन की सर्वे कराकर 1974 में छोटी रेल लाइन के शिलान्यास के रूप में नींव रखी थी, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद यह परियोजना रुक गई। जिसे बाद में पुनः 1996 में पूर्व रेलमंत्री व लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान जी ने बड़ी रेलवे लाइन में बदलने की मंजूरी दिलाकर उन्होंने हसनपुर रोड-सकरी के रूप में शिलान्यास किया, जहाँ इस रेल लाइन पर कार्य प्रारम्भ किया गया। जिसपर 2008-2018 तक में सकरी से बिरौल और फिर बिरौल से हरिनगर तक ट्रेनें शुरू की गई। फिर पुनः 2024-2025 में हसनपुर से बिथान तक ट्रेन सेवा शुरू की गई। श्री बैद्यनाथ झा ने कहा पांच दशक से लंबित हसनपुर रोड-सकरी रेल परियोजना सम्भवतः मार्च 2027 तक में पूरी होने की उम्मीद की जा रही है। उन्होंने बताया 81 किलोमीटर की लम्बी यह रेल लाइन उत्तर बिहार एवं मिथिलांचल व सीमांचल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 1974 में शुरू हुई इस परियोजना में कई बदलाव हुए, फिलहाल बिथान से कुशेश्वरस्थान तक में कार्य को तेजी लाने की जरूरत है। इसके पूरा होने से समस्तीपुर खगड़िया रेलखंड का महत्व बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को लाभ होगा। वहीं श्री झा ने हसनपुर-बिथान के मध्य सिहमा रेलवे हाल्ट निर्माण की मांग को रखते हुए स्थानीय सांसद महोदय से बजट में शामिल करवाने का अनुरोध किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here