देसरी में आरओबी निर्माण व एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर 18 सितंबर से कांग्रेस का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

28

राज्य सरकार की लापरवाही के कारण देसरी में आरओबी निर्माण लंबित : रंजीत पंडित

देसरी, 9 सितंबर 2026

देसरी में रेलवे फ्लाईओवर (आरओबी) का निर्माण कराने और एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी 18 सितंबर 2026 से कृष्णा चौक, देसरी में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेगी। यह निर्णय सोमवार को देसरी में प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण देसरी में रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि सोनपुर मंडल के डीआरएम कार्यालय द्वारा 27 अगस्त को भेजे गए पत्र में भी राज्य सरकार से आवश्यक रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने की बात कही गई है। दिसंबर 2024 में भी रेलवे द्वारा इसी तरह की स्थिति बताई गई थी।

रंजीत पंडित ने कहा कि इस मामले को लेकर रेल मंत्री से लेकर अनुमंडलाधिकारी तक कई बार पत्राचार किया गया है। राजापाकर की पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी दास को भी रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने जनवरी 2025 में पत्र देकर इस मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद कई बार धरना-प्रदर्शन के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय कुमार यादव ने कहा कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण, देसरी-चांदपुरा पथ के चौड़ीकरण और लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण देसरी में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। आरओबी का निर्माण इस समस्या के समाधान के लिए बेहद जरूरी है।

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मो. रुस्तम और सुबोध पासवान ने कहा कि सांसद चिराग पासवान द्वारा पत्र लिखे जाने के बावजूद एक्सप्रेस ट्रेन का देसरी में ठहराव नहीं होना यह दर्शाता है कि सरकार में उनकी मांगों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि 18 सितंबर 2026 से कृष्णा चौक, देसरी में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर देसरी की इन महत्वपूर्ण मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदीप कुमार सिंह, दयानंद पासवान, सुबोध पासवान, संजीव कुमार यादव, अरुण कुमार सिंह, अनीश कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here