संजय भारती
समस्तीपुर। हसनपुर विधानसभा के वरिष्ठ नेत्री एवं बिथान प्रखण्ड के पूर्व प्रखण्ड प्रमुख विभा देवी ने लड्डू गोपाल कान्हा जी की छठी उत्सव पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस माँ भारती की कोख से यूँ तो अनेक अवतारों एवं महापुरुषों का अवतरण हुआ पर भगवान श्रीकृष्ण जैसा विराट व्यक्तित्व कोई अन्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा भगवान श्रीकृष्ण बंधन में पैदा हुए पर बंधनों को स्वीकार नहीं किए और बंधन से मुक्त होकर जिये। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन जैसा था वैसा ही स्वीकार किया, किसी के प्रति कोई पूर्वाग्रह नहीं और कोई अस्वीकारोक्ति भी नहीं। विभा देवी ने कहा जैसी भी परिस्थिति हो लड्डू गोपाल श्रीकृष्ण जी की तरह मुस्कुराओ और पूरे मनोयोग से उसका सामना करो। ये सीख श्रीकृष्ण के जीवन लीला से सीखनी चाहिए। उन्होंने बताया लीला संसार में पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण जैसा पंडित, ज्ञानी, गायक, संगीतकार, योद्धा, योगी, राजा, मित्र, प्रेमी, पुत्र कोई दूसरा नहीं हो पाया। लड्डू गोपाल जब तक गोकुल-वृंदावन में रहे, ग्वाल बाल बनकर रहे, आनंद व प्रसन्नता के साथ जिये और जब द्वारिकाधीश बनकर द्वारिका की सत्ता पर विराजमान हुए तो उसी आनंद-प्रसन्नता और सहजता के साथ जिये। उन्होंने कहा विषाद से प्रसाद तक की यात्रा का संदेश भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सबको सीख प्रदान करता है।























































