समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट
समस्तीपुर (चंद्रकांता समाचार)। राष्ट्रीय नुक्कड़ नाटक के दिवस पर आज जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा एवं जनवादी लेखक संघ ने संयुक्त रूप से समस्तीपुर स्टेशन रोड स्थित शहीद उदय शंकर स्मारक भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। विदित हो कि महान रंगकर्मी, लेखक, कवि निर्देशक सफदर हाशमी के जन्मदिन 12 अप्रैल को देशभर के कवि, लेखक और संस्कृतिकर्मी राष्ट्रीय नुक्कड़ नाटक दिवस के रूप में मनाते हुए सफदर के वसूलों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। दिल्ली से करीब चालीस किलोमीटर दूर शाहिबाबाद के झंडापुर में 1 जनवरी 1989 को हल्ला बोल नाटक करते समय उनकी टीम पर स्थानीय गुण्डों ने हमला कर दिया। अपने साथियों को बचाने के क्रम में सफदर बुरी तरह घायल हो गये और 2 जनवरी 1989 को दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उस समय से लेकर हर साल उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय नुक्कड़ नाटक दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता जनवादी लेखक संघ के जिलाध्यक्ष शाह ज़फ़र इमाम ने की जबकि संचालन जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा के जिला सचिव महेश कुमार ने की। सर्वप्रथम सभी उपस्थित लेखकों, संस्कृतिकर्मियों एवं जनसंगठनों के नेताओं ने सफदर हाशमी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात रामप्रवेश चौरसिया एवं रामप्रीत सहनी ने कई इनक्लाबी गीत गाये। तत्पश्चात विभिन्न वक्ताओं ने सफदर के जीवन, सांस्कृतिक आन्दोलन में उनके योगदान एवं उनके संघर्षों की विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें जनता के एक महान योद्धा की संज्ञा दी। कार्यक्रम को जनवादी लेखक संघ के डॉ0 अरूण अभिषेक, बलवंत प्रसाद एवं जग नारायण मंडल, सांस्कृतिक मोर्चा की ओर से विनय कुमार सिन्हा, राम प्रवेश चौरसिया एवं रामप्रीत सहनी, किसान नेता सुरेन्द्र नारायण सिंह लालन एवं सत्य नारायण सिंह,खेत मजदूर यूनियन नेता रामाश्रय महतो एवं राम सागर पासवान, सीटू नेता रघुनाथ राय, नौजवान नेता सुबोध कुमार तथा छात्र नेता छोटू भारद्वाज ने सम्बोधित करते हुए सफदर के वसूलों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



















































