मधुबनी से मो0 कैफ की रिपोर्ट
मधुबनी:–कोरोनावायरस संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को देर रात जिलाधिकारी अमित कुमार के द्वारा कोविड केयर सेंटर रामपट्टी का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन की उपलब्धता , दवा की उपलब्धता, उपचाराधीन संक्रमित के लिए खाने पीने की व्यवस्था, भोजन की मेनू के बारे में जानकारी लिया, एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिले में संक्रमण से लड़ने के लिए उपलब्ध संसाधनों पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला पूरी तरह से कोविड महामारी से निपटने के लिए तैयार है। इसके लिए लोगों को भी आगे आकर दोनों डोज कोविड-19 का टीका लगाना चाहिए। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए जिससे कि लोग संक्रमित होने से बचे रह सकें। इस दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपस्थित नोडल पदाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि कोविड केयर सेंटर में पाइप लाइन के द्वारा अक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि तीसरी लहर से निपटने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट और अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कोरोना के मरीजों को इस बार ऑक्सीजन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है।
कोविड केयर सेंटर मे संक्रमित व्यक्ति का लिया हालचाल :
जिलाधिकारी द्वारा कोविड केयर सेंटर में आइसोलेशन में रह रहे संक्रमित व्यक्ति से बातचीत कर उनका हालचाल लिया। इस दौरान एक एसएसबी जवान द्वारा गाना गाकर जिलाधिकारी को सुनाया गया। गाना सुन ज़िला पदाधिकारी उनकी तारीफ करते नहीं थके एवं उन्होंने कहा आपके गाने से न केवल आपका एवं यहाँ भर्ती रोगियों का तनाव कम हो रहा है। जिलाधिकारी ने संक्रमित व्यक्ति से ली जा रही दवाइयों की जानकारी ली जिलाधिकारी ने संक्रमित व्यक्ति से कहा कि साधारणतया यह संक्रमण 07 दिन में ठीक हो जाता है। अगर आपको तीन दिन तक बुखार या अन्य लक्षण नहीं आता है तो आप खुद को सुरक्षित मान सकते हैं। इस दौरान अगर किसी तरह की दिक्कत होती है तो आप कंट्रोल रूम में फोन करके यहां उपलब्ध डॉक्टर से जानकारी ले सकते हैं।
केंद्र में कोविड मरीजों के लिए उपलब्ध है पर्याप्त सुविधा :
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के कोविड केयर सेंटर में संक्रमित व्यक्ति के इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध है। सभी बेड तक ऑक्सीजन के पहुंचने की व्यवस्था है। संक्रमण से निपटने के लिए जिले के अन्य अस्पताल मुख्य रूप से बेनीपट्टी, झंझारपुर, जयनगर व फुलपरास अनुमंडल अस्पताल में में भी कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। जहां संक्रमित व्यक्ति का इलाज किया जा सकता है। इसके लिए जिले में आवश्यकता अनुसार डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, जरूरी दवाइयां आदि उपलब्ध हैं।
साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश:
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कोविड वार्ड समेत पूरे परिसर में साफ सफाई का विशेष रूप से ख्याल रखने का निर्देश दिया। डीएम ने निर्देश दिया मरीजों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो इसका ख्याल रखा जाए। मरीजों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर कोविड-19 सेंटर के जिला नोडल ऑफिसर डॉ कुणाल कौशल, डीसीएचसी के नोडल ऑफिसर व लैब टेक्नीशियन इस्माहतुल्लाह उर्फ गुलाब सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।





















































