समस्तीपुर:
कल्याणपुर राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कल्याणपुर के नए प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपक भारद्वाज के पदभार ग्रहण करने पर एनएसयूआई व कांग्रेस के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने फूल-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कॉलेज के शैक्षणिक व प्रशासनिक विकास को लेकर चर्चा हुई।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कॉलेज में कम नामांकन पर चिंता जताते हुए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र में महज 24 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है। साथ ही रात में लाइट बंद रहने और रात्रि गार्ड के देर से पहुंचने की समस्या का समाधान करने की मांग की गई।
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं से कॉलेज में अधिक से अधिक नामांकन कराने की अपील की। मौके पर सनातनी कुमार बालाजी, जय नारायण सिंह, भारत कुमार, मनीष कुमार, पियूष कुमार, आशीष कुमार, आदित्य कुमार, विक्रम कुमार व राकेश कुमार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


























































