अमरदीप नारायण
समस्तीपुर , सोनपुर रेलमंडल के खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे ट्रेन नंबर 12566 डाउन नई-दिल्ली से दरभंगा जानेवाली बिहार संपर्क क्रांति सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के चक्के से अचानक निकली चिंगारी और धुंए से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि ढोली स्टेशन के आसपास उन्होंने देखा कि स्लीपर की बोगी एस 1 और 2 के नीचे से चिंगारी और धुआं जैसा निकल रहा है। दुबहा स्टेशन पार करते-करते और खुदीराम बोस पूसा रेलवे स्टेशन पहुंचते ही ट्रेन के निचले हिस्से से तेज चिंगारी निकलने लगी तथा काफी धुआं भी उठने लगा। बाद में ट्रेन में सवार यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन के गार्ड और चालक ने आनन-फानन में ट्रेन को पूसा स्टेशन के लाइन नंबर पर रोक दिया। बाद में ट्रेन के पूसा पहुंचने पर स्टेशन के एसएस सुनील चौधरी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान और ट्रेन के चालक व गार्ड ने संयुक्त रूप से आग बुझाने वाले कई संयंत्रों के माध्यम से आग को काबू किया। ट्रेन समस्तीपुर के लिए रवाना हो गई। पूसा रेलवे स्टेशन के एसएस सुनील चौधरी ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग की वजह से ट्रेन के चक्के से चिंगारी और धुआं उठने लगा था।





















































