अमरदीप नारायण प्रसाद
मुसरीघरारी (समस्तीपुर)। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 17 के ग्रामीणों ने लगातार तीन दिनों से बिजली व नल-जल योजना के तहत मिलने वाले पानी की आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में सोमवार की सुबह को NH-322 (मुसरीघरारी–पटोरी रोड) को घंटों जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि भीषण गर्मी में बिजली और पानी की समस्या से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नल जल योजना पूरी तरह ठप है और पीने के पानी के लिए भी लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और मुसरी घरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को जल्द ठीक किया जा रहा है और आज शाम तक बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिससे NH-322 पर यातायात पुनः सामान्य हो सका।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शाम तक बिजली और पानी की व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को विवश होंगे।




















































