अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रूपौली स्थित पेट्रोल पंप के निकट एनएच 28 पर शुक्रवार देर शाम पुलिस ने चालक समेत शराब लदे एक ट्रक को जब्त कर लिया। इस बाबत मुसरीघरारी थानाध्यक्ष आफताब आलम ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर की ओर से दलसिंहसराय की ओर एक शराब लोडेड ट्रक जा रहा है। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी पुलिस सक्रिय हो गई। थाना क्षेत्र के रूपौली स्थित पेट्रोल पंप के निकट एनएच 28 पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने भारत सरकार लिखा एक ट्रक (यूपी 14 ईटी 8656 ) की तलाशी ली। पुलिस को तलाशी में काफी मात्रा में ट्रक से शराब मिली। उसके बाद चालक समेत उक्त ट्रक जप्त कर पुलिस थाने ले आई। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। जब्त की गई शराब की कीमत लाखों रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
























































