समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखण्ड अंतर्गत काँचा पंचायत के किसानों के बीच पहुंची चलंत मिट्टी जांच प्रयोगशाला की बस। राजस्व ग्राम पंचायत काँचा का भ्रमण किया जहाँ आये हुए वैज्ञानिक राकेश रमण व नवीन झा ने कृषकों के साथ खेत पर जाकर मिट्टी जाँच के फायदे ओर जांच हेतु मिट्टी का सैम्पल लेने के तरीके पर विस्तार से चर्चा की। खेती में खर्च कम करने एवं लाभ बढ़ाने में मिट्टी जांच की भी अहम भूमिका है। जिले में मिट्टी जांच की पुख्ता व्यवस्था भी है। यहां मिट्टी की जांच के लिए न सिर्फ स्थाई लैब कार्य कर रहा है, बल्कि चलंत मिट्टी जांच प्रयोगशाला भी काम कर रहा है।
चलंत प्रयोगशाला : मिट्टी जांच के लिए यहां चलंत प्रयोगशाला भी है। इसके लिए एक बड़े बस में मिट्टी जांच के सारे उपकरण लगाए गए हैं। मिट्टी जांच प्रयोगशाला के पदाधिकारी ने बताया कि ऐसे सुदूर देहाती क्षेत्र जहां से मिट्टी का नमूना लेकर प्रयोगशाला तक पहुंचाने में परेशानी होती है, वैसे क्षेत्र में मिट्टी जांच के लिए चलंत प्रयोगशाला का उपयोग किया जाता है। इससे किसान एवं मिट्टी का नमूना संग्रह करने वाले अधिकारी व कर्मियों को भी सहूलियत होती है।
सहायक तकनीकी प्रबंधक मधुकर श्लोक ने कहा कि मिट्टी जांच के प्रति किसानों में भी जागरुकता बढ़ी है। विभागीय कर्मियों के माध्यम से नमूना का संग्रह तो किया ही जा रहा है, अब खुद किसान भी यहां तक नमूना लेकर आ रहे हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारी व कर्मियों द्वारा क्षेत्र में लगातार जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है।
मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, सहायक निदेशक रसायन अभिषेक कुमार, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, कृषि समन्वयक मुकेश कुमार चौधरी, किसान सलाहकार आमोद कुमार, प्रशांत कुमार, मुखिया परम् राय, जदयू नेता कौशलेंद्र कुमार, संतोष कुमार सहित दर्जनों किसान उपस्थित थे।

























































