हड़ताली सफाईकर्मियों ने निकाला जुलूस, नगर निगम कार्यालय का किया घेराव।

12

समस्तीपुर,

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत हड़ताल पर बैठे समस्तीपुर नगर निगम के सफाईकर्मियों ने बृहस्पतिवार को समस्तीपुर शहर में जुलूस निकालकर समाहरणालय पर प्रदर्शन किया तथा बाद में नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नेताओं ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अन्य अस्थायी कर्मियों के नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा की गारंटी तथा कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल आदेशों को वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर संबंधित कर्मचारियों को सीधे नगर निगम के अधीन कार्यरत करने तथा ईएसआई, पीएफ एवं बकाया भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सफाईकर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें आज भी स्थायी सेवा, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा से वंचित रखा गया है। यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर आयोजित सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राजकुमार राम ने किया। सभा का संचालन संगठन के सहायक मंत्री प्रमोद राम ने किया। बतौर मुख्य वक्ता ऐक्टू राज्य परिषद सदस्य सह सम्मानित अध्यक्ष बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ नगर निगम समस्तीपुर जीबछ पासवान, ऐक्टू नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, बिहार राज्य अनुरक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जीतेंद्र कुशवाहा, विनोद मल्लिक, शिवजी मल्लिक, अमर राम, मनोज कुमार, मो० अलीशेर, भूपेंद्र सिंह, रीता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, मीरा देवी, चंद्रकाला देवी, नरेश राम, बिरजू राम, गणेश राम, अनील मल्लिक, संजीत कुमार पोद्दार, देव कुमार समेत बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एवं सफाई कर्मियों के नेता ने सभा को संबोधित करते हुए मांगें माने जाने तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here