जन संवाद कार्यक्रम में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई!

17

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
समस्तीपुर:- जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनना, संबंधित विभागों के माध्यम से उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन एवं आम नागरिकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जाँच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई की जाए तथा पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब नहीं हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन संवाद में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें। जिन मामलों में स्थलीय जाँच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित पदाधिकारी आवश्यक जाँच कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। साथ ही, जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित विभाग प्राप्त शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करते हुए आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जन संवाद कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, स्थापना उप समाहर्ता श्री धर्मराज, सामान्य शाखा प्रभारी अंजलि सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here