कार्यों में पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा की ली गई शपथ
अमरदीप नारायण प्रसाद
मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली बनाए रखने का लिया संकल्प
समस्तीपुर:पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आज ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का विधिवत आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं रेल कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा और सतर्कता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित सभी रेलकर्मियों को दैनिक कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता तथा ईमानदारी बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता, सुरक्षित रेल परिचालन और जन-विश्वास को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक स्तर पर भ्रष्टाचार मुक्त व पारदर्शी व्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मियों से सतर्कता नियमों का कड़ाई से पालन करने और संगठन के मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के तहत रेलकर्मियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल भर में विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
























































