समस्तीपुर:
चकमेहसी थाना क्षेत्र के चौकसीमा निवासी ग्रामीण चिकित्सक डॉ. सुभाष कुमार 40 की बुधवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि रात करीब 10 बजे सोमनाहा-मनियारपुर के समीप अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल डॉ. सुभाष को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों की ओर से चकमेहसी थाना में अब तक आवेदन नहीं दिया गया है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

























































