समस्तीपुर : कल्याणपुर-पूसा मुख्य सड़क के तारा चौक पर सड़क की जर्जर स्थिति से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गुरुवार को सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क की स्थिति पिछले कई महीनों से जर्जर बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।
जाम की सूचना पर पहुंचे कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत ने अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार से बातचीत की। एसडीओ ने संबंधित विभाग के पदाधिकारी से बात कर जल्द सड़क की मरम्मत कराने को कहा। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
























































