आदित्य हत्या मामले में मां, बेटा को पुलिस ने किया गिरफ्तार मामला प्रेम प्रसंग

468

समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट

समस्तीपुर (चंद्रकांता समाचार)। गत 2 फ़रवरी 2023 को पटोरी (मोहनपुर ओपी) थाना के तहत मोहनपुर हॉस्पिटल रोड चौर स्थित सड़क किनारे एक युवक आदित्य कुमार की हत्या कर पेड़ से लटका दिया गया था। इस मामले मृतक आदित्य कुमार के पिता अशोक राय के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध पटोरी (मोहनपुर ओपी) थाना कांड संख्या 101 / 2023 दिनांक 4 फ़रवरी 2023 धारा 302, 201 भा0द0वि0 का कांड दर्ज किया गया। कांड कि गंभीरता को देखते हुए कांड के उदभेदन के लिए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पटोरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम के द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर इस कांड में संलिप्त राहुल कुमार एवं उसकी मां दुखनी देवी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में पकड़ाये दोनों मां, बेटा ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल किया है। पकड़ाए गये राहुल कुमार ने बताया कि दिनांक 2 फ़रवरी 2023 कि रात्रि इंटर की परीक्षा देने खालिसपुर सरायरंजन स्थित अपने फुआ के घर पर था तभी उसकी मां ने सूचना दिया की घर में एक ग्रामीण लड़का आपत्ति जनक हालत में पकड़ा गया है जिसे पकड़कर घर में बंद कर रखे है। इस सूचना पर राहुल कुमार रात्रि में ही अपने घर पहुंचा और पकड़ाये युवक आदित्य कुमार के साथ हाथापाई करने लगा। इस क्रम में राहुल कुमार ने आदित्य कुमार के सर पर लाठी से जानलेवा प्रहार कर दिया जिससे से आदित्य कुमार घर में ही खून से लथपथ हालत में गिर गया और उसकी मौत हो गई। उसके बाद राहुल कुमार ने अपनी मां के सहयोग से आदित्य कुमार के लाश को मोटरसाइकिल पर लादकर मोहनपुर हॉस्पिटल चौर में ले गया। जहां सड़क किनारे पेड़ में मृतक के मुफलर से बांधकर शव को लटकाकर आत्म हत्या के रूप देने का प्रयास किया। पकड़े गये राहुल कुमार के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी, मोबाईल, दुपट्टा एवं मोटरसाइकिल बरामद किया गया। इसकी पुष्टि एसपी विनय तिवारी ने प्रेस वार्ता में की। एस पी ने बताया कि विशेष टीम में पटोरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश अरुण,पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार, नंद किशोर यादव, पवन कुमार, सिपाही अरविंद कुमार, संतोष कुमार राजेश कुमार को शामिल किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here