सरायरंजन / समस्तीपुर:
क्राई-चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के अख्तियारपुर स्थित बालिका ट्यूशन केंद्र पर बालिकाओं के मानसिक और सामाजिक उत्थान के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में मुख्य रूप से ‘गलत संगत और मोबाइल फोन के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों’ पर गंभीर चर्चा की गई। वर्तमान डिजिटल युग में मोबाइल जहाँ ज्ञान का साधन है, वहीं इसका अनियंत्रित उपयोग किशोरियों के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। अत्यधिक स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में एकाग्रता की कमी, मानसिक तनाव और शारीरिक बीमारियाँ बढ़ रही हैं। छात्राएं सोशल मीडिया और रील्स की आभासी दुनिया में उलझकर अपने वास्तविक लक्ष्यों से भटक रहे हैं। चर्चा के दौरान गलत संगति के प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया। बालिकाओं को समझाया गया कि उम्र के इस पड़ाव पर अच्छे और सकारात्मक विचारों वाले मित्रों का साथ होना बेहद जरूरी है। गलत संगत न केवल पढ़ाई को प्रभावित करती है, बल्कि नैतिक मूल्यों का भी पतन करती है। कार्यक्रम के अंत में ट्यूशन केंद्र की छात्राओं ने मोबाइल का सीमित उपयोग करने और केवल रचनात्मक व शैक्षणिक कार्यों के लिए हीं स्क्रीन का सहारा लेने का संकल्प लिया। संस्था की ओर से बालिकाओं को समय प्रबंधन और आत्म-अनुशासन के गुर भी सिखाए गए। मौके पर बलराम चौरसिया, रविन्द्र पासवान, दिनेश प्रसाद चौरसिया, प्रेरणा कुमारी, किरण कुमारी, ललिता कुमारी, वीणा कुमारी, हर्ष मोहन कुमार उपस्थित थे।





















































