बाल विवाह के खिलाफ धर्मगुरुओं की पहल: 12–14 सितम्बर को आयोजित किया गया ग्लोबल इंटर-फेथ प्लेज वीकेंड
समस्तीपुर – प्रायस जेएसी सोसाइटी द्वारा चाइल्ड मैरिज फ्री वर्ल्ड मूवमेंट के अंतर्गत 12 से 14 सितम्बर 2025 तक पूरे समस्तीपुर में ग्लोबल इंटर-फेथ प्लेज वीकेंड का आयोजन किया गया है। इस ऐतिहासिक अभियान के तहत विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रवचन दिए और समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ शपथ लेने के लिए प्रेरित किए।
बाल विवाह आज भी हमारे समाज की एक गंभीर समस्या है। यह न केवल बच्चों, विशेषकर बेटियों को शिक्षा और स्वास्थ्य से वंचित करता है, बल्कि गरीबी और अन्याय की जंजीरों को भी मजबूत करता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सभी धर्मों की शिक्षाओं के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया जाए कि बाल विवाह रोकना हमारी कानूनी, सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है।
इस पहल में जिला बाल कल्याण समिति,चाइल्ड लाइन एवं प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर के कार्यकर्ताओं, डीसीपीयू, आईसीडीएस, प्रशासनिक अधिकारी, नागरिक समाज संगठन, धर्मगुरु और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन और धर्मगुरुओं के इस सामूहिक संकल्प से बिहार में बाल विवाह को समाप्त करने की दिशा में एक सशक्त संदेश जाएगा।
प्रायस जेएसी सोसाइटी की निदेशक श्रीमती इन्दु रानी सिंह ने बोली कि “बाल विवाह का अंत केवल कानून से संभव नहीं है, इसके लिए समाज की सोच और आस्था का बदलना ज़रूरी है। धर्मगुरु जब खुलकर इस प्रथा के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे, तो समाज पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा।”
इस अवसर पर विभिन्न धर्मस्थलों पर प्रवचन के बाद सामूहिक शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा, जिसमें आमजन, युवक-युवतियाँ, अभिभावक और समुदाय के प्रतिनिधि शामिल होंगे।






















































