विश्व पर्यावरण दिवस के सफल आयोजन को लेकर हुई बैठक

12


प्रदीप कुमार नायक
स्वतंत्र लेखक एवं पत्रकार
विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जल योद्धाओं एवं पर्यावरण मित्र का सम्मान
हरित मधुबनी के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा, पर्यावरण दिवस की तैयारियां तेज
विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर आज जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे, आनंद अंकित की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वन विभाग, मधुबनी के परिसर पदाधिकारी अनूप कुमार, उप परिसर पदाधिकारी सिकंदर रविदास, आईसीडीएस के जिला समन्वयक स्मित प्रतीक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम, मधुबनी के स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन एवं वनों के क्षेत्र पदाधिकारी संजय कुमार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कोर्ट परिसर, डीआरडीए परिसर एवं समाहरणालय परिसर के साथ-साथ जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
जल एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच पर्यावरण प्रेमियों एवं जल योद्धाओं को उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें सम्मानित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here