समस्तीपुर में GOB मद के शिक्षकों के समक्ष गहराया आर्थिक संकट
समस्तीपुर, 02 जून 2026 : बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल) के प्रदेश सचिव-सह-जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश व जिला महासचिव राम बालक राय ने GOB मद से आच्छादित शिक्षकों के मार्च 2026 से लंबित वेतन भुगतान को लेकर जिला पदाधिकारी,समस्तीपुर व जिला शिक्षा पदाधिकारी, समस्तीपुर को ज्ञापन सौंपते हुए अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में शिक्षकों में व्यापक असंतोष उत्पन्न हो सकता है।
संघ के जिलाध्यक्ष सह प्रदेश सचिव कुमार रजनीश ने कहा कि विभागीय निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह की प्रथम तिथि तक शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जाना अनिवार्य है, बावजूद इसके मार्च 2026 से मई 2026 तक वेतन भुगतान लंबित रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लगातार 03 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों एवं उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
संघ के अनुसार शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई, पारिवारिक भरण-पोषण, चिकित्सा, सामाजिक दायित्वों तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक तंगी के कारण कई शिक्षकों की पारिवारिक व्यवस्था प्रभावित होने लगी है, जिससे शिक्षकों के बीच निराशा एवं आक्रोश का माहौल है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जब सरकार एवं विभाग समयबद्ध वेतन भुगतान को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी कर चुके हैं, तब इस प्रकार की लापरवाही शिक्षकों के मनोबल एवं शैक्षणिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया को अविलंब पूर्ण कराने की मांग की है।
संघ ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को भी प्रतिलिपि भेजकर आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की है।





















































