समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय के संचालन की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण!

14

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर:-
राज्य सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत जिन प्रखंडों में महाविद्यालय उपलब्ध नहीं है, वहाँ उच्च शिक्षा की सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालयों का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने आज सिंघिया प्रखंड में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय के संचालन हेतु की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय संचालन के लिए चयनित भवन, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, फर्नीचर, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महाविद्यालय के सुचारु संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो। सिंघिया प्रखंड में राजकीय महाविद्यालय प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एवं अनुरक्षण से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए महाविद्यालय के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here