अमरदीप नारायण प्रसाद
प्रखंड के मोरसंड पंचायत के वार्ड 11, चंदौली के वार्ड 01 में लगभग एक वर्ष से अधिक से अधर में लटकी नल- जल योजना का काम चालू कराने व दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड 10 और 14 में सड़क पर जमा गंदा जल की निकासी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने भाकपा-माले के बैनर तले मोरसंड में प्रतिरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। मार्च का नेतृत्व भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की।
मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रखंड के पदाधिकारी 12 बजे दिन में कार्यालय में पहुंचते हैं और 3 बजे घर की ओर चल देते हैं। इससे जनता का काम नहीं हो पाता। पदाधिकारी खानापूर्ति करते हैं।
भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि मोरसंड के वार्ड संख्या 11,चंदौली के वार्ड 01
में नल जल योजना का कार्य लगभग एक वर्ष से अधिक से अधर में छोड़कर रोक दिया गया है। वार्ड 11 में सिर्फ़ बोरिंग का कार्य हुआ है। इस वार्ड में मीनार तक का निर्माण नहीं कराया गया है। बार -बार प्रखंड प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। जनता की समस्याओं को पदाधिकारी जानबूझकर नजरअंदाज करते हैं। यदि एक सप्ताह के अंदर उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सड़क पर भाकपा-माले बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। मौके पर रंजीत कुमार राम, माले प्रखंड कमिटी सदस्य किशोर कुमार राय,महेश सिंह समेत मुन्ना प्रसाद सिंह, राम उदगार महतो, पंकज कुमार, हरि सिंह, उमेश सिंह, अमरजीत कुमार, रूपलाल सिंह, रामवृक्ष सिंह, पंकज कुमार, सुरेश सिंह, रामदेव सिंह, गुड़िया देवी, सुनीता देवी, उष्मी देवी, रेणु देवी, मीरा कुमारी, शांति देवी आदि मौजूद थीं।























































