17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत, सरकारी भवनों एवं प्रमुख स्थलों पर जलेंगे दीप

30

आगामी 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिले के सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत एवं सामुदायिक भवनों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर संध्या समय दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम को व्यापक रूप देने के लिए जिले के प्रमुख स्थलों पर विशेष आयोजन किया जाएगा, जिनमें समाहरणालय परिसर, जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की प्रतिमा एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल, सदर अस्पताल, रेलवे स्टेशन समस्तीपुर, एलकेवीडी कॉलेज ताजपुर, सरदारगंज चौक दलसिंहसराय, गांधी चौक रोसड़ा एवं प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय पटोरी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम की हाई डेफिनेशन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने तथा उसे जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए व्हाट्सएप ग्रुप एवं गूगल ड्राइव पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
अभियान के तहत ‘सेवा चित्र’, ‘नुक्कड़ नाटक’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’ एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा चित्र’ के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों को चित्रकला, भाषण एवं प्रदर्शनी के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। ‘आंगन का मिलन’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं अभिभावकों के साथ संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिले लाभों पर चर्चा होगी। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ के अंतर्गत सभी विभाग पिछले 25 वर्षों में हुए प्रमुख बदलावों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित गतिविधियों में से किसी एक का चयन कर श्रमदान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को अभियान के कार्यक्रमों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा एवं समन्वय के साथ सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त श्री गौतम कुमार, बंदोबस्त पदाधिकारी श्री विजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here