संजय भारती
समस्तीपुर। जिला के हसनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मल्हीपुर की शिक्षिका भारती सुमन ने बताया कि बिहार सरकार ने सरकारी विद्यालयों में शनिवार को पुनः हाफ डे (आधे दिन) की व्यवस्था लागू कर दी है। उन्होंने बताया माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नई समय-सारिणी के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक विद्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे। इस निर्णय का राज्यभर के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वागत किया है। शिक्षिका भारती सुमन ने कहा कि शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था की बहाली शिक्षकों और विद्यार्थियों के लंबे संघर्ष की सकारात्मक परिणति है। उन्होंने कहा कि लगभग दो वर्ष पूर्व यह व्यवस्था समाप्त होने के बाद छोटे बच्चों और शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया था। लगातार शिक्षक संगठनों द्वारा इस मांग को उठाया जाता रहा, जिसके बाद सरकार ने जनहित में यह सराहनीय निर्णय लिया है।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय मल्हीपुर की शिक्षिका भारती सुमन ने कहा कि सप्ताह में एक दिन आधे समय तक विद्यालय संचालन होने से छोटे बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक राहत मिलेगी। शिक्षकों को भी शैक्षणिक योजना, मूल्यांकन तथा आगामी सप्ताह की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। इससे विद्यालयों में पढ़ाई का वातावरण अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनेगा। शिक्षिका भारती सुमन ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था को अधिक संतुलित और विद्यार्थी हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर इसी प्रकार सकारात्मक निर्णय लेगी।
शिक्षकों का मानना है कि शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था से बच्चों को विश्राम, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए समय मिलेगा, जिससे वे नई ऊर्जा के साथ अगले सप्ताह विद्यालय आएंगे और उनकी सीखने की क्षमता में भी सकारात्मक सुधार होगी।




















































