समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट
समस्तीपुर (चंद्रकांता समाचार)। जिले के पूसा थाना क्षेत्र के धोवगामा गांव में पैसों के लेनदेन के विवाद में कतिपय लोगों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। बाद में पूसा पुलिस ने इस मामले में पूसा थाना क्षेत्र के दो गांव से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर बखरी गांव निवासी रामललित के 19 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार का पूसा थाना क्षेत्र के धोवगामा गांव निवासी दीपक कुमार के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में गुरुवार की शाम सकरा थाना क्षेत्र का विक्रम धोवगामा निवासी दीपक के बुलावे पर धोवगामा के समीप स्थित मुरा टोल गाछी में अपना बकाया 14 हजार रुपया लेने पहुँचा। पैसा मांगने के दौरान दोनों के बीच वाद विवाद शुरू हो गया तथा मारपीट भी होने लगी। इसी बीच दीपक ने विक्रम पर गोली चला दी जो उसके बायें पैर में जा लगी। गोली की आवाज सुनने के बाद काफी लोग मौके पर जमा हो गये तथा आनन फानन में जख्मी विक्रम को अनुमंडलीय अस्पताल पूसा पहुंचाया जहां उसका इलाज कर चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। बाद में जानकारी मिलने के बाद पूसा पुलिस ने धोवगामा व हरपुर में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही हैं। पकड़े गये दोनो युवकों की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के धोवगामा गांव निवासी दीपक कुमार और हरपुर गांव निवासी अनमोल कुमार के रूप में की गई हैं। फिलहाल इस मामले में पूसा पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही हैं। इधर अनुमंडलीय अस्पताल पूसा के डॉक्टर डॉ0 शशि भूषण ने घायल के इलाज की पुष्टि की हैं।























































