समस्तीपुर में थाना के सामने दो लाख की लूट।

664

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर नगर थाना के सामने ओवरब्रिज के समीप बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को एक सेवानिवृत कर्मी से दो लाख रुपये लूट लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। लूट के शिकार हुए सेवानिवृत कर्मी विद्यासागर चौधरी शिवाजीनगर ओपी के परवन्ना गांव के निवासी हैं। लूट के संबंध में उन्होंने नगर थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर काशीपुर स्थित एसबीआई की शाखा से दो लाख रुपये की निकासी कर बाइक से घर लौट रहे थे। बैंक से निकासी की गयी राशि उन्होंने बाइक की डिक्की में रखी थी। घर जाने के दौरान नगर थाना के सामने ओवरब्रिज के समीप जाम के कारण उन्होंने अपनी बाइक की रफ्तार जैसे ही धीमी की, पीछे से एक बाइक पर दो सवार आये और उनकी बाइक में धक्का मारने के साथ उनसे झंझट करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बदमाश ने उनकी बाइक की डिककी तोड़ उसमें रखे दो लाख रुपये से भरा बैग निकाल लिया। उसके बाद दोनों भाग निकले। हालांकि, उन्होंने शोर भी मचाया। लेकिन तब तक दोनों बदमाश काफी दूर जा चुके थे। पीड़ित बताया कि वे लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से हाल ही में सेवानिवृत हुए हैं। मकान में निर्माण कार्य के लिए बैंक से दो लाख रुपये की निकासी की थी। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here