दुर्गा पूजा पर सुरक्षा का भरोसा: एसडीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में समस्तीपुर में निकला फ्लैग मार्च

19

समस्तीपुर, 17 अक्टूबर ( मोहम्मद नसीम )
समस्तीपुर ,माता दुर्गा के पट खुलने के साथ ही पूजा पंडालों एवं विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में शनिवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सौहार्द बनाए रखना तथा आमजन के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम करना था।
फ्लैग मार्च समस्तीपुर शहर के मथुरापुर घाट से प्रारंभ होकर नगरबस्ती, इलमासनगर, छतनेश्वर मंदिर, वारिसनगर होते हुए सतमतलपुर एवं इलमासनगर तक विभिन्न क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी के साथ संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पूजा के दौरान संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, संकरी गलियों तथा संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया। साथ ही, पुलिस एवं सुरक्षा बलों को संबंधित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशील बिंदुओं से अवगत कराया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने तथा दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here