पटना। भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर IMPPA के अध्यक्ष, FFI के अध्यक्ष एवं FIAPF के उपाध्यक्ष अभय सिन्हा तथा IMPPA की कार्यकारिणी के सदस्य, FFI के उपाध्यक्ष एवं फिल्ममेकर कंबाइन के महासचिव निशांत उज्ज्वल ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की।
इस दौरान फिल्म उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें फिल्म पाइरेसी पर रोक, कॉपीराइट सुरक्षा, GST से संबंधित मुद्दे, सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों की स्थिति, सेंसर प्रमाणन, BARC रेटिंग की पुनः शुरुआत तथा IFFI 2026 जैसे विषय शामिल रहे।
मुलाकात के दौरान भारतीय फिल्म उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। फिल्म पाइरेसी पर प्रभावी नियंत्रण और कॉपीराइट सुरक्षा को मजबूत करने जैसे मुद्दे फिल्म निर्माताओं एवं अन्य संबंधित हितधारकों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। वहीं, सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों से जुड़े विषयों पर चर्चा भी उद्योग के व्यापक हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।
इस अवसर पर IMPPA की ओर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त, अभय सिन्हा और निशांत उज्ज्वल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार से भी मुलाकात की।
इन मुलाकातों के माध्यम से भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के समक्ष रखने और उनके समाधान की संभावनाओं पर संवाद किया गया।























































