नवरात्रों की पावन एवं भक्तिमय वेला में ब्रह्माकुमारीज़, शिव शक्ति भवन, ताजपुर रोड में राजयोगिनी रानी दीदी के अभिनन्दन

13

समस्तीपुर: नवरात्रों की पावन एवं भक्तिमय वेला में ब्रह्माकुमारीज़, शिव शक्ति भवन, ताजपुर रोड में राजयोगिनी रानी दीदी के अभिनन्दन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दिव्य वातावरण में मातृशक्ति के सम्मान, आध्यात्मिक जागृति तथा जीवन में दैवी गुणों को धारण करने की प्रेरणा प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारम्भ कृष्ण भाई जी द्वारा राजयोगिनी रानी दीदी एवं उपस्थित सभी ब्रह्माकुमारी बहनों के भावपूर्ण स्वागत से हुआ। उन्होंने अत्यंत आदर एवं आत्मीयता के साथ दीदी का अभिनन्दन करते हुए उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी उपस्थिति को सभी के लिए सौभाग्य का विषय बताया।

इस अवसर पर बिहार एवं झारखंड ब्रह्माकुमारीज़ निदेशिका राजयोगिनी रानी दीदी के साथ-साथ गया समस्तीपुर की सविता बहन, मुज़फ़्फ़रपुर की सीता बहन एवं भारती बहन, शाहपुर पटोरी की रंजना बहन, रोसड़ा की कुंदन बहन, दलसिंहसराय की सोनिका बहन, पूसा की पूजा बहन एवं मोहिउद्दीन नगर की आशा बहन को चैतन्य देवी के स्वरूप में सम्मानित किया गया। सभी बहनों का तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर, पुष्पमाला एवं मुकुट पहनाकर तथा आरती उतारकर श्रद्धापूर्वक अभिनन्दन किया गया। साथ ही देवियों के सम्मान में उपस्थित भाई-बहनों ने श्वेत वस्त्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रों में नारीशक्ति के इस दिव्य स्वरूप का सम्मान उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण एवं प्रेरणा का केंद्र रहा।

अपने आशीर्वचन में दीदी ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक जीवन की महत्ता समझाते हुए श्रेष्ठ विचारों, पवित्र भावनाओं एवं दैवी गुणों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने नारीशक्ति के सम्मान, आत्मिक जागृति तथा जीवन को श्रेष्ठ संस्कारों से सुसज्जित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके आशीर्वचनों से उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मकता एवं आत्मकल्याण की प्रेरणा प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर दीदी ने सभी को अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम को मुज़फ़्फ़रपुर से आए अरविंद भाई ने भी संबोधित किया और कहा कि सच्चा जागरण है अपने अंदर की शक्ति को जागृत करना और आसुरी शक्तियों का नाश करना।

देवियों के सम्मान में ओम प्रकाश भाई ने भी गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में रामगोपाल सुरेका, रमेश चांदना, सतीश चांदना, कृष्ण कुमार अग्रवाल, वरीय अधिवक्ता दीपक कुमार सिंह, डॉ० पंकज भाई, निर्दोष जी, राकेश माटा, राजकुमार भाई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सैकड़ों लोग जिले भर से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here