समस्तीपुर
नई सरकार के गठन के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का समस्तीपुर में हुआ सीधा प्रसारण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, शिक्षक एवं कर्मी सम्मानित, 14 भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा
नई सरकार के गठन के 100 दिनों के पूर्ण होने के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शनिवार को समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर सहित जिले के सभी प्रखंड, अंचल एवं पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण (Live Telecast) किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा विगत 100 दिनों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में माननीय विधायक, समस्तीपुर सदर श्रीमती अश्वमेघ देवी, जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्त्ता श्री ब्रजेश कुमार, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री दुर्गेश राय एवं श्री उपेंद्र कुमार कुशवाहा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा विगत 100 दिनों में सुशासन, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, रोजगार सृजन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों एवं उपलब्धियों का सजीव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सम्मानित सभी व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा एवं समर्पण अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने में ऐसे सम्मान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके अतिरिक्त सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 12 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा का वितरण भी किया गया। बासगीत पर्चा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे वे सम्मानपूर्वक एवं सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।
जिले के सभी प्रखंडों, अंचलों एवं पंचायतों में भी कार्यक्रम का सफलतापूर्वक सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए राज्य सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों से अवगत हुए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।






















































