नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संकल्प : समस्तीपुर में 27 शैक्षणिक संस्थानों में होगा प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण।

9
  • आरएसवी.के.इंटर स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा करेंगे उद्घाटन; सैकड़ों विद्यार्थी होंगे शामिल

समस्तीपुर : युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को समस्तीपुर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को जिले के 27 शैक्षणिक संस्थान केंद्रों पर लाइव प्रसारित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं युवा सहभागी बनेंगे।
शहर के आरएसवीके इंटर स्कूल, समस्तीपुर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के द्वारा किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में शहर मुख्यालय के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्रा शामिल होकर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन को लाइव सुनेंगे। यह राष्ट्रव्यापी अभियान माई भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें खेल, संस्कृति, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर समस्तीपुर सहित पूरे देश के युवा नशा मुक्ति शपथ लेकर नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेंगे। जिले के सभी 27 प्रसारण केंद्रों पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को इस अभियान के उद्देश्य, नशे के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को प्रेरित करने के लिए जागरूकता गतिविधियां, संवाद कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नशामुक्त भारत के संदेश से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं। युवा शक्ति के सहयोग से ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार होगा।
समस्तीपुर में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को एक नई दिशा देने के साथ-साथ जिले में नशामुक्ति के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here