20 फर्जी शिक्षकों की जाएगी नौकरी निगरानी विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी।

939

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर ज़िले के 20 फर्जी शिक्षकों की नौकरी जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निगरानी जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के बाद इन शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कल्याणपुर थाना में 20 फर्जी शिक्षक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। कल्याणपुर प्रखंड नियोजन इकाई में प्राथमिक विद्यालय चकमेहसी कन्या की पंचायत शिक्षिका नुजहत आफरीन, बेबी कुमारी, प्राथमिक विद्यालय चकमेहसी के हंसमणि सिंह, प्राथमिक विद्यालय चकमेहसी कोठी के कमल कुमार, रिंकू कुमारी, मोहन कुमार राय, प्राथमिक विद्यालय रजपा की डेजी कुमारी, प्राथमिक विद्यालय कुट्टी टोल जटमलपुर के असीम कुमार, प्राथमिक विद्यालय मनिकौली के अरुण कुमार बैठा, प्राथमिक विद्यालय मनिकौली के सुभाष कुमार सिंह, प्राथमिक विद्यालय पकड़ी डीह की दुर्गेश कुमारी, प्राथमिक विद्यालय बखरी की प्रियंका कुमारी, प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की शांति कुमारी, प्राथमिक विद्यालय रसलपुर बघला के पंकज कुमार कर्ण, प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर द्वितीय के अमरेंद्र कुमार, प्राथमिक विद्यालय जटमलपुर ढाब कहार टोल के रूपेश कुमार सिंह, प्राथमिक विद्यालय रामदीरी की गौड़ी कुमारी, प्राथमिक विद्यालय कोयलाकुंड के धीरज कुमार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्षरामपुर के अजीत कुमार और प्राथमिक विद्यालय ततमा टोल बरहेत्ता के अमित कुमार का बीईटीईटी प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। डीपीओ ने बीईओ से नियोजन इकाई के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इधर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने बीईओ से नियमावली के तहत नियोजन इकाई के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर निगरानी जांच के तहत नियोजित शिक्षकों की शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच के क्रम में प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इस कारण इन शिक्षकों के विरुद्ध संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक सह जिला शिक्षक नियोजन जांचकर्ता सुरेंद्र कुमार मोआर ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने रिपोर्ट दिया कि निगरानी जांच में 20 शिक्षकों का प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के कारण प्राथमिकी दर्ज कराया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here